अकसर आम बोलचाल में हम इंगलैंड, ब्रिटैन या यूनाइटेड किंगडम में कोई फर्क नहीं करते और सबको एक दूसरे का पर्याय समझते हैं। यहाँ तक कि न्यूज़ वाले भी सीधे सीधे इंगलैंड या ब्रिटैन प्रयोग करते हैं।
इंगलैंड, ग्रेट ब्रिटैन या केवल ब्रिटैन या फिर UK क्या ये एक ही देश हैं या ये अलग अलग देश हैं? यदि एक ही देश हैं तो क्यों इन्हे इंगलैंड, ब्रिटैन या फिर UK जैसे अलग अलग नामों से पुकारा जाता है? इंगलैंड , ब्रिटैन और UK में क्या अंतर है ? कई ऐसे सवालों से अकसर हमारा सामना होता रहता है। अकसर लोग UK की जगह इंगलैंड या ब्रिटैन का प्रयोग धड़ल्ले से करते हैं और लोग इनका मतलब भी एक निकालते हैं।
यूनाइटेड किंगडम जिसे संक्षेप में UK बोला जाता है, दुनियां के महत्वपूर्ण और प्रभावशाली देशों में से एक है। UK को विश्व में ब्रिटैन या इंगलैंड के नामों से भी जाना जाता है किन्तु वास्तव में इस तरह का प्रयोग उचित नहीं है। इसका कारण यह है कि यूनिटेड किंगडम स्वयं में एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र है जबकि ब्रिटैन और इंगलैंड इस देश के अलग अलग क्षेत्र या भूभाग हैं। वैसे आम बोलचाल की भाषा में लोग यूनाइटेड किंगडम को ब्रिटैन या ग्रेट ब्रिटैन या इंगलैंड और यहाँ की चीज़ों और लोगों के लिए ब्रिटिश या इंगलिश शब्द का प्रयोग धड़ल्ले से करते हैं।
यूनाइटेड किंगडम उत्तर पश्चिम यूरोप में स्थित भौगोलिक रूप से एक छोटा सा देश है। यूनाइटेड किंगडम का पूरा नाम द यूनाइटेड किंगडम ऑफ़ ग्रेट ब्रिटैन एंड नारदन आयरलैंड है। इसकी राजधानी लन्दन है। UK के वर्तमान राष्ट्राध्यक्ष अथवा हेड ऑफ़ स्टेट क़्वीन एलिज़ाबेथ द्वितीय हैं।
यूनाइटेड किंगडम की स्थापना 1801 में किंगडम ऑफ़ ब्रिटैन और किंगडम ऑफ़ आयरलैंड के एकीकरण बाद हुआ। इस समय इसे यूनाइटेड किंगडम ऑफ़ ग्रेट ब्रिटैन एंड आयरलैंड कहा जाता था। बाद में 1920 के दशक में दक्षिणी आयरलैंड के स्वतंत्र होने के बाद इसका नाम यूनाइटेड किंगडम ऑफ़ ब्रिटैन एंड नॉर्दर्न आयरलैंड पड़ा।
यूनाइटेड किंगडम का अधिकांश हिस्सा समुद्र से घिरा हुआ है। इसके पश्चिम में अटलांटिक महासागर पूरब में नार्थ सी,दक्षिण पश्चिम सेल्टिक सी तथा दक्षिण में इंग्लिश चैनल स्थित है। इस देश में मुख्य रूप से ग्रेट ब्रिटैन, उत्तरी आयरलैंड तथा कई छोटे छोटे द्वीप शामिल हैं जिन्हें ब्रिटिश आइलस कहा जाता है।
कई लोगों को यह जानकार आश्चर्य होगा कि ग्रेट ब्रिटैन कोई देश नहीं है। किन्तु यह बात सत्य है। ग्रेट ब्रिटैन वास्तव में एक द्वीप है और यह यूनाइटेड किंगडम का एक बड़ा हिस्सा है। यह दुनिया का नौवां सबसे बड़ा द्वीप है।
ग्रेट ब्रिटैन UK का एक बड़ा तथा महत्वपूर्ण भाग है। इसका क्षेत्रफल 209,331 वर्ग किलोमीटर है। यह उत्तर पश्चिमी फ़्रांस और पूर्वी आयरलैंड में मध्य स्थित है। ग्रेट ब्रिटैन के मुख्य रूप से तीन स्वायत्त क्षेत्र हैं इंगलैंड, वेल्स और स्कॉटलैंड। इसमें इंगलैंड ग्रेट ब्रिटैन के दक्षिण पूर्व में स्थित है जबकि वेल्स इसके दक्षिणी पश्चिमी हिस्से में और स्कॉटलैंड उत्तर में स्थित है।
कई बार यह प्रश्न उठता है ग्रेट ब्रिटैन को ग्रेट क्यों कहा जाता है ? ब्रिटैन शब्द रोमन भाषा का है। यह रोमन शब्द ब्रिटानिया से उत्पन्न हुआ माना जाता है। अब प्रश्न उठता है इसे ग्रेट ब्रिटैन क्यों कहा जाता है? ब्रिटैन के साथ ग्रेट शब्द जोड़ने के पीछे कुछ लोगों का तर्क यह है कि इसे फ़्रांस के ब्रिटनी नामक क्षेत्र से अलग दिखाने के लिए किया गया। चूँकि ब्रिटैन और ब्रिटनी सुनने में एक समान लगते थे अतः ब्रिटैन वालों ने अपने को ब्रिटानिया मेजर और ब्रिटनी को ब्रिटानिया माइनर कहना शुरू कर दिया। धीरे धीरे ब्रिटानिया मेजर ग्रेट ब्रिटैन कहा जाने लगा और ब्रिटानिया माइनर केवल ब्रिटनी के नाम से जाना जाने लगा। इसके पीछे एक दूसरी कहानी यह है कि यहाँ के एक राजा किंग जेम्स प्रथम को अपने को केवल रोमन ब्रिटैन का राजा कहलवाना पसंद नहीं था। अतः उसने अपने को किंग ऑफ़ ग्रेट ब्रिटैन कहलवाना शुरू कर दिया और तब से इसे ग्रेट ब्रिटैन कहा जाने लगा। ग्रेट ब्रिटैन को ग्रेट कहने के पीछे तीसरा तर्क यह है कि यह क्षेत्र ब्रिटिश द्वीपों में सबसे बड़ा है। सबसे बड़े द्वीप होने की वजह से इसे ग्रेट ब्रिटैन कहा जाता है।
आपको जानकार आश्चर्य होगा कि पूरी दुनियां में एक देश के रूप में मशहूर इंग्लैंड वास्तव में एक संप्रभु देश नहीं है। इंगलैंड वास्तव में यूनाइटेड किंगडम ऑफ़ ग्रेट ब्रिटैन एंड नॉर्दर्न आयरलैंड देश का एक हिस्सा है। यह ग्रेट ब्रिटैन द्वीप का एक बड़ा भाग है।
इंगलैंड ग्रेट ब्रिटैन का पूर्वी हिस्सा है जो स्कॉटलैंड के दक्षिण और फ़्रांस के उत्तर में स्थित है। इंगलैंड यूनाइटेड किंगडम के महत्वपूर्ण प्रशंसनिक क्षेत्र वेल्स, स्कॉटलैंड, नॉर्दर्न आयरलैंड की तरह एक एक प्रशासनिक इकाई है। इन सभी हिस्सों को अलग अलग स्तर पर स्वायत्ता मिली हुई है किन्तु ये सॉवरिन यानि सम्प्रभुता संपन्न क्षेत्र नहीं हैं। ये सभी यूनाइटेड किंगडम के अलग अलग क्षेत्र हैं।
इंगलैंड शब्द की उत्पत्ति Englalano से मानी जाती है जिसका मतलब होता है “land of Angles” इंगलैंड के नामकरण के पीछे एक जर्मन जनजाति को माना जाता है जिन्हें Angles कहा जाता था। इस जनजाति के लोगों का यहाँ बसना 5वीं और 6 ठी शताब्दी मे शुरू हुआ था। ये जनजातियां कील की खाड़ी के Angilia Peninsula से आकर यहाँ बसने लगी थीं। इंगलैंड के लिए सबसे पहले लिखित रिकॉर्ड नौवीं शताब्दी में “Bede’s Ecclesiastical History of the English People” के “Old English” अनुवाद में “Engla londe” के तौर पर हुआ था। फिर यह टर्म यहाँ के निवासियों के लिए विभिन्न अर्थों में प्रयोग किया जाने लगा।
उपसंहार
इस प्रकार इंग्लैंड , वेल्स, स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड का संयुक्त रूप यूनाइटेड किंगडम नाम से एक स्वतंत्र और संप्रभु देश के तौर पर विश्व पटल पर स्थित है। वहीँ ग्रेट ब्रिटैन इस देश का सबसे बड़ा द्वीप तथा इंग्लैंड इसका सबसे बड़ा एक स्वायत क्षेत्र है।